Betul news: मरामझिरी पंचायत के सरपंच, सचिव के खिलाफ पंचों ने की शिकायत
गणतंत्र दिवस समारोह के झंडा वंदन में नहीं किया आमंत्रित, अधिकारों के हनन का आरोप

Betul news: बैतूल। जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मरामझिरी के पंचों ने सरपंच सचिव के खिलाफ जिला पंचायत सीईओ से शिकायत कर गणतंत्र दिवस पर झंडा वंदन कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं कर अधिकारों के हनन करने का आरोप लगाया।
पंच श्रीराम खादीपूरे, सुरजू धुर्वे, बुद्धू उइके सहित अन्य पंचों ने बताया कि गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह मरामझिरी पंचायत के प्रांगण में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी गई। समारोह का आयोजन शासन के निर्देश अनुसार किया गया। लेकिन गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व को भी सरपंच सचिव ने हल्की राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत में झंडा वंदन हेतु ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच द्वारा ग्राम पंचायत के पंचों को नही बुलाया गया, जिससे ग्राम पंचायत के पंचों में रोष व्याप्त है। सचिव, सरपंच द्वारा मनमानी करके हम पंचों के अधिकारों का हनन किया गया है। पंचों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत मरामझिरी के सचिव, सरपंच के खिलाफ कार्यवाही की जाए। शिकायत करने वालों में रम्मा, गंगाबाई, रामप्यारी, बाली, रामकली, कमलती बाई, सरस्वती बाई, लक्ष्मी पवार आदि पंच शामिल है।




