Murder Of Girlfriend: लिव इन में पार्टनर ने ले ली प्रेमिका की जान, पति को छोड़कर संग रह रही थी

Murder Of Girlfriend: बैतूल। पति और 10 साल के बेटे को छोड़कर जिस प्रेमी के संग महिला रह रही थी उसने ही बेरहमी से पिटाई कर प्रेमिका की जान ले डाली। पुलिस ने प्रेमी को हिरासत में ले लिया है। लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला की मारपीट में मौत हो जाने का मामला मध्यप्रदेश के बैतूल जिले का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भैंसदेही थाना क्षेत्र की 36 वर्षीय शशि धुर्वे का 15 साल पहले सुखवंत धुर्वे के साथ विवाह हुआ था। उनका 10 साल का बच्चा है ।दोनों पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होते रहता था। इसके बाद डेढ़ साल पहले महिला अपने पति से अलग हो गई थी। भैंसदेही के जाम मोहल्ला निवासी पवन इवने के साथ महिला मजदूरी का काम करती थी । महिला की पवन से जान पहचान हो गई और वह उसी के साथ ही रहने लगी। शनिवार रात महिला का जो 10 साल का बच्चा है अपने मामा गुणवंत के पास कुंड गांव में रहता है उसे देखने जाने को लेकर पवन और शशि के बीच में विवाद हो गया। विवाद में पवन ने शशि के साथ जमकर मारपीट कर दी।
महिला गंभीर रूप से घायल हो गई तब पड़ोसियों ने इसकी सूचना तत्काल डायल 100 को दी। जिसके बाद सूचना पर डायल हंड्रेड मौके पर पहुंची । घायल महिला ने पुलिस के साथ जाने के लिए मना कर दिया। इसे लेकर दोबारा पवन और शशि में विवाद हुआ जिसमे पवन ने दोबारा शशि के साथ मारपीट कर दी।
मारपीट में गंभीर घायल होने पर पवन ने खुद ही डायल हंड्रेड को सूचना दी और बताया कि रैयत बाबा रास्ते में कुंड जाने के लिए जो जगह है वहां पेड़ के नीचे मेरी पत्नी शशि घायल हालत में पड़ी हुई है। इस सूचना पर डायल हंड्रेड दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और महिला को गंभीर हालत में भैसदही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया।
प्राथमिक उपचार के बाद महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से रविवार सुबह 8 बजे के करीब जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया । जहां पर महिला की आईसीयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। फिलहाल आरोपी प्रेमी पवन इवने को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और महिला के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।




