Human Trafficking : सहेली ने ही दो लाख रुपये में कर डाला सहेली का सौदा, चार गिरफ्तार

Human Trafficking Betul : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। पति से विवाद के बाद अपनी जिस सहेली की शरण में नव विवाहिता आई थी वह तो मानव तस्कर निकली। उसने विवाहिता को अपने झांसे में ले लिया और रतलाम के एक गिरोह को दो लाख रुपये में बेच दिया। विवाहिता को बेचने की साजिश का पता तब चला जब उसे बालाजीपुरम मंदिर के पास से कार में बिठाकर ले जाया जा रहा था। जैसे ही उसे बेचने का पता चला ताे उसने चीख-पुकार लगाना शुरू कर दिया। लोगों ने कार में महिला को जबरन ले जाने और चीख सुनी तो कार को रोका और विवाहिता को ले जाने वालों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जिले के बैतूलबाजार थाना क्षेत्र में विवाहिता को उसकी सहेली के द्वारा दो लाख रुपये में बेचने का सौदा करने का मामला सामने आया है। सुनियोजित तरीके से विवाहिता को खरीददार के वाहन में बिठाकर रवाना कर दिया गया था। रास्ते में उसे संदेह हुआ तो चीख पुकार लगाई जिस पर लोगों ने कार को रोका और पुलिस को मौके पर बुलाया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक आरोपित फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

बैतूलबाजार पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम को बडोरा में कुछ लोगों के द्वारा महिला को जबरन लेकर जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर कोतवाली थाना क्षेत्र की विवाहिता ने साजिश रचकर उसे बेचने की जानकारी दी। इस पर उसे कार में लेकर जाने वाले दो युवकों समेत अन्य को हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पूछताछ में विवाहिता ने बताया कि उसका पति से विवाद हो गया है इस कारण से वह गौठाना में सावित्री पति रामशंकर आहके निवासी आदर्श पिपरिया भीमपुर थाना चिचोली हाल गौठाना के पास रहकर काम करने लगी थी। सावित्री को वह पहले से जानती-पहचानती थी। जिसके यहां आना-जाना भी था। सावित्री के घर राजा टकला उर्फ चन्द्रशेखर पिता विष्णु (38) निवासी सहनगांव तहसील मुलताई हाल अर्जुन नगर आता रहता है। उसने बालाजीपुरम घुमाने के लिए 12 जनवरी को सोनम और सावित्री के साथ ले गया।

बालाजीपुरम पार्किंग के बाहर उसे कार में बैठने के लिए कहा तो वह उनके कहने में आ गई। कार में बैठे लोग बैतूल की तरफ निकल गए। रास्ते में दयाराम नाम के युवक ने बताया कि अनिल के साथ तुम्हें शादी करनी है।मैने सावित्री को दो लाख रुपये दे दिए हैं और तुम्हें खरीद लिया है। यह सुनकर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बडोरा चौराहे के पास लोगों ने महिला की पुकार सुनी और कार को रोक लिया।
महिला ने जब जबरदस्ती ले जाने की बात बताई तो बैतूलबाजार पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को बेचने और खरीदने वाले गिरोह के चार सदस्य ग्राम हरदूवी तहसील पिपलौद जिला रतलाम निवासी अनिल पिता रामसिंह लौधा, राजा टकला उर्फ चन्द्रशेखर पिता विष्णु (38) निवासी सहनगांव तहसील मुलताई हाल अर्जुन नगर, सावित्री पति रामशंकर आहके निवासी आदर्श पिपरिया भीमपुर थाना चिचोली हाल गौठाना और सोनम पति गुलाब परमार (28) निवासी शेरपुरा तहसील सुलालपुर थाना कालीपीपल जिला सीहोर को गिरफ्तार कर धारा 366, 370,34 , एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।मुख्य आरोपित दयाराम फरार है।




