Crime News: बैतूल–नागपुर फोरलेन पर कार सवार युवकों के साथ मारपीट, नकदी और सोने की अंगूठी लूटकर ले जाने का आरोप

Crime News: बैतूल। बैतूल से नागपुर जाने वाले फोरलेन पर मिलानपुर टोल प्लाजा के पास कार सवार दो युवकों के साथ चार बदमाशों ने मारपीट कर दी। इसमें एक युवक को गंभीर चोट आई है। बदमाशों पर पत्थरबाजी करने और चाकू दिखाकर नकदी और सोने की अंगूठी छीनने का आरोप भी घायलों ने लगाया है।
बैतूल बाजार थाना प्रभारी बबीता उईके ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जांच की जा रही है। शिकायत मिली है कि  रविवार रात में कार से जयपुर से हैदराबाद जा रहे अंकित अग्रवाल और रितेश सोनी ने मिलानपुर टोल प्लाजा के पास कार रोकी और आराम कर रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश वहां पर आए और पथराव शुरू कर दिया। बदमाशों ने कार के पास आकर चाकू दिखाकर धमकाया और उनके पास से नकदी एवं सोने की अंगूठी छीनकर भाग गए। मारपीट में रितेश सोनी को चहरे पर गंभीर चोट आने और अंकित को अंदरूनी चोट के कारण जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पीड़ित अंकित ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को काल करना शुरू किया लेकिन कोई  मदद नहीं मिली। पुलिस घटना के करीब तीन घंटे बाद सुबह करीब छह बजे पहुंची। बैतूल बाजार पुलिस घटना के छह घंटे बाद भी कुछ स्पष्ट बताने से परहेज कर रही है।
थाना प्रभारी का कहना है कि कारवाई होने के बाद जानकारी देंगे। अभी वे थाने में नही हैं इस कारण कारवाई और घटना की जानकारी नही दे पाएंगी। हाईवे पर लूट की घटना से जहां बैतूल बाजार पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठ रहे हैं वहीं पुलिस की मदद ना मिलने के आरोप से भी महकमे की किरकिरी हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button