Crime News : कोतवाली पुलिस को चोरों ने दी चुनौती, चंद कदम की दूरी पर 12 लाख के जेवर चोरी किए

- घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की और छीने जेवर, आलमारी में रखे जेवर और नकदी की चोरी

खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुस गए चोर

Betul Crime News Today : बैतूल। पुलिस के द्वारा रात्रि में गश्त की जाती है ताकि अपराधिक गतिविधि न हो सके, लेकिन बैतूल में तो कोतवाली के पास ही चोरों ने बेखौफ तरीके से घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए कोतवाली के पास मोतीवार्ड में विकास गोठी के घर में घुसकर उनकी माता के साथ मारपीट तक कर डाली। अब पुलिस डाग स्क्वाड, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ का हवाला देकर अपनी सतर्कता की कलई खुलने से बचाने का प्रयास कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मोतीवार्ड में रहने वाले विकास गोठी के घर में काले कपड़े पहने हुए चोर रात करीब तीन बजे खिड़की की ग्रिल तोड़कर घुस गए। चोर उनकी माता चंदनबाला गोठी के कमरे में पहुंचे और संभवत: उनके द्वारा नशीले पदार्थ का स्प्रे कर दिया। हालांकि आवाज आने पर जब चंदनबाला गोठी जागीं और चीख लगाई तो चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए चोरों ने उनका मुंह दबा दिया और मारपीट कर गले एवं हाथ में पहने सोने के जेवर उतरवा लिए। चोरों ने कमरे में रखी आलमारी में से सोने-चांदी के जेवर, नकदी एवं बच्चों की गुल्लक भी चोरी कर ली और भाग गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और डाग स्क्वाड की मदद से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया।

विकास गोठी ने बताया कि माताजी के कमरे में घुसने के पहले ही चोरों ने घर के सभी दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे। रात में उन्हें जब कुछ आवाज सुनाई दी तो हम उठकर बाहर निकलने का प्रयास करने लगे लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। जब हमने जोर से आवाज लगाना शुरू किया तो चोर भाग गए। उन्होंने बताया कि पांच से छह चोर रहे होंगे जिनमें से दो काले कपड़े पहने और मुंह पर कपड़ा बांधकर भीतर घुसे थे। उन्होंने बताया कि चोरों ने करीब 140 ग्राम सोने के जेवर ,नकद डेढ़ लाख रुपये, बच्चों की गुल्लक और एक मोबाइल चोरी किया है। चोरी हुए सामान की सूची पुलिस को सौंप दी गई है।

माेती वार्ड के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संदेह जताया है कि घर-घर घूमकर सामान बेचने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई है। संभावना है कि ऐसे ही लोगों के द्वारा पहले घर का निरीक्षण किया और वारदात को अंजाम दे दिया।कोतवाली पुलिस ने डाग स्क्वाड की मदद भी लेकिन कोई खास कामयाबी नहीं मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button