झमाझम बारिश : सतपुड़ा , पारसडोह , चंदोरा और वर्धा डेम के गेट खोले

Betul Weather News: बैतूल: जिले में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार रात से तेज बारिश सभी हिस्सों में हो रही है जिससे नदी नालों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश से सारणी क्षेत्र में सतपुड़ा जलाशय के 7 , मुलताई में चंदोरा जलाशय के 8, पारस डोह जलाशय के दो और वर्धा जलाशय के भी 6 गेट खोलने पड़ गए हैं। मुलताई में ताप्ती सरोवर भी ओवर फ्लो हो गया है।
पिछले 24 घंटे में जिले में 34.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। रात में सबसे अधिक 81.2 मिमी वर्षा प्रभात पट्टन विकास खंड में दर्ज की गई है। मुलताई विकासखंड में 69.8 मिमी और आमला विकास खंड में 69 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सारणी क्षेत्र में गुरुवार रात से तेज वर्षा हो रही है। इससे तवा नदी में बाढ़ आ गई है।
सतपुड़ा जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ने के कारण गुरुवार रात नौ बजे दो गेट दो फीट की ऊंचाई से खोल दिए गए थे। रात करीब एक बजे कुल सात गेट दो फीट की ऊंचाई पर खोले गए। शुक्रवार सुबह दो गेट बंद कर दिए गए और पांच गेट खोले गए। दोपहर एक बजे सात गेट खोल दिए गए हैं। इन गेटों से 12 हजार क्यूसेक पानी तवा नदी में छोड़ा जा रहा है। तवा नदी में पानी छोड़ने से चोपना क्षेत्र को जोड़ने वाले मार्ग पर पुलिया पर पानी आ जाने से आवागमन बंद हो गया है।

मुलताई और प्रभात पट्टन क्षेत्र में तेज वर्षा होने के कारण ताप्ती नदी में बाढ़ आ गई है। इस कारण चंदोरा जलाशय के आठ गेट खोले गए हैं। पारसडोह जलाशय के दो गेट 60 सेमी की ऊंचाई पर खोल दिए गए हैं। गेट खोलने से ताप्ती नदी में पानी बढ़ने के कारण नदी के निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुलताई के वर्धा जलाशय के भी 6 गेट खोलने पड़ गए हैं।
घरों में घुसा पानी:
तेज बारिश के कारण मुलताई क्षेत्र में अंभोरा और गोईजी नदी में बाढ़ आ गई। बाढ़ आने के कारण गोईजी नदी के किनारे बने करीब 20 मकानों में करीब 2 फुट तक पानी भरा गया। अंभोरा नदी की बाढ़ के कारण पुलिया के पास स्थित करीब 15 मकानों में भी पानी भराने की जानकारी मिली है।
ग्राम के विश्वनाथ धोटे ने बताया कि रात में तेज बारिश हो रही थी, गांव में अंभोरा और गोइजी नदी के किनारे बने करीब 25 घरों में पानी घुस गया। मुलताई शहर के भी ताप्ती और पटेल वार्ड में तेज बारिश होने के चलते लोगों के घरों में पानी घुस गया है।
जिले की माचना नदी में भी बाढ़ की स्थिति बन गई है। शाहपुर में माचना नदी के पुल से मात्र पांच फीट नीचे पानी है। यदि वर्षा जारी रही तो पुल पर पानी आ जाएगा और बैतूल से इटारसी जाने वाले मार्ग पर आवागमन बंद हो जाएगा।




