उभरती प्रतिभा : राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में बैतूल के खिलाड़ियों ने जीते 7 पदक
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में आयोजित की गई थी स्केटिंग प्रतियोगिता

State Level Skating Competition: बैतूल। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा रतलाम में आयोजित राज्य स्तरीय स्केटिंग प्रतियोगिता में जिले के स्केटिंग खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण सहित 7 पदक जीतकर बैतूल जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उल्लेखनीय है कि इन स्केटिंग खिलाड़ियों ने कोच गोल्डी के मार्गदर्शन में स्केटिंग की महत्वपूर्ण विधाएं सीखी है। इन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का जबरदस्त प्रदर्शन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
स्केटिंग कोच गोल्डी ने बताया कि रतलाम रोलर स्केटिंग एसोसिएशन द्वारा 17 से 19 जून तक एमपी ओपन स्टेट इन कंपटीशन का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के सभी राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। बैतूल जिले के 11 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में शामिल हुए थे। जिसमें से 5 खिलाड़ियों ने 7 पदक अपने नाम किए हैं। बैतूल जिले के लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।
प्रतियोगिता में शामिल हुए थे ये खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों में आर डी पब्लिक स्कूल केजी- 2 के छात्र अथर्व सिंह राठौर ने 5 से 7 वर्ष आयु वर्ग में सिल्वर पदक जीता। 9 से 11 वर्ष आयु वर्ग में आरना सिंह राठौर ने एक स्वर्ण पदक, एक कांस्य पदक, 9 से 11 वर्ष आयु वर्ग में प्रेरक रघुवंशी ने दो स्वर्ण पदक, 11 से 14 वर्ष आयु वर्ग में सोनाक्षी यादव ने एक कांस्य पदक, 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग में पर्व यादव ने एक कांस्य पदक जीता। अब विजेता खिलाड़ी नेशनल स्केटिंग कंपटीशन में भाग लेने के लिए मेहनत करेंगे और बैतूल शहर का नाम रोशन करेंगे।
3 वर्ष की आयु में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवा चुके हैं अथर्व

गौरतलब है कि आरडी स्कूल के छात्र अथर्व सिंह राठौर 3 वर्ष की आयु में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में सबसे छोटा इनलाइन स्केट्स का नाम दर्ज करवा चुके हैं। 110 मीटर स्केटिंग महज 1 मिनट 6 सेकेंड मैं पूरी की। इंडिया बुक्स ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाला अथर्व देश का सबसे छोटा इनलाइन स्केटर है। यह ढाई वर्ष की उम्र से स्केटिंग कर रहा है।
उनकी बड़ी बहन आरना सिंह भी स्केटिंग करती थीं। उनको खेलता देख अथर्व भी स्केट पहनने लगे। यह देख मां प्रियंका राठौर और पिता डीएस राठौर ने उसे कोचिंग के लिए भेजना शुरू किया। उन्होंने बताया कि अथर्व जब अच्छे से बोल भी नहीं सकता था। स्केटिंग सीखने के दौरान ही अथर्व के माता-पिता ने लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से संपर्क किया। उन्होंने अथर्व की 110 मीटर स्केटिंग करने की वीडियो भेजने को कहा। इसमें अथर्व ने स्केट पहनकर 1 मीटर 6 सेकेंड में 110 मीटर की दूरी पूरी की। उस वक्त वह 3 वर्ष 23 दिन का था। यह देखकर इंडिया बुक्स ऑफ रिकॉर्ड्स ने उनका नाम दर्ज कर लिया।




