पति की हैवानियत: बेटे की चाह में चार बेटी के पिता ने पत्नी का पैर तोड़ा

Betul Crime News: बैतूल। सरकार भले ही बेटा-बेटी में फर्क खत्म करने के लिए तमाम प्रयास कर रही है लेकिन आज भी समाज में कुछ लोग ऐसे हैं कि बेटे की चाह रख रहे हैं। बैतूल जिले के ग्राम मालवर में भी चार बेटियाें के पिता ने पत्नी की सिर्फ इस कारण से लाठी से पिटाई कर पैर तोड़ दिया क्याेंकि उसने बेटे को जन्म नहीं दिया।गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घोड़ाडोंगरी पुलिस को महिला ने पति के द्वारा पिटाई कर पैर तोड़ने के बयान दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम मालवर निवासी राधिका उइके उम्र 30 वर्ष को बीती रात उसके पति कमलेश उइके ने शराब के नशे में लाठी से जमकर पीट दिया। पीड़ित राधिका ने बताया है कि उसकी शादी 10 साल पहले कमलेश से हुई थी। उसकी चार बेटियां हैं। इसी बात से नाराज होकर पति के द्वारा आए दिन प्रताड़ना दी जा रही है।
पति काे बेटा चाहिए लेकिन बेटियाें के जन्म लेने के कारण उसने नाराज होकर लकड़ी से मारपीट की। जिससे राधिका के पैर में फैक्चर हो गया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में पहले घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।




