Betul News : ग्राम दनोरा से भोगीतेढा मार्ग पर पुलिया नहीं बनने से होगी परेशानी
Betul News: There will be trouble due to non-construction of a culvert on the Bhogitedha road from village Danora

बैतूल। राष्ट्रीय राजमार्ग फोर लाईन बैतूल से इंदौर मार्ग पर गांव गांव में पुलिया बनाई जा रही है, लेकिन ग्राम दनोरा पर पुलिया नही बनाने से लगभग आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों को भविष्य की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि ग्राम दनोरा से भोगीतेढा, भरकावाड़ी, सूरगॉव, खड़ला, सेहरा आदि गांव तक आने-जाने का एक यही रास्ता है। अन्य गांव के ग्रामीण इसी मुख्य मार्ग से आना जाना करते है, यदि ग्राम दनोरा से भोगीतेढा मार्ग पर पुलिया नहीं बनाई जाती है तो अनेक गांव के ग्रामीणों को अपने खेतों तक जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस समस्या को लेकर शुक्रवार को क्षेत्र के जनपद सदस्य एवं ग्राम पंचायत दनोरा की सरपंच अनिता चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित कर इस समस्या का निराकरण करने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में किसानों की समस्या का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि पुलिया निर्माण नहीं की गई तो एनएच निर्माण कार्य को रोकने के लिए आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जवाबदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम दनोरा और भोगीतड़ा रास्ते पर पुलिया नही बनाई जाती है तो ग्राम दनोरा के लोगो को अपने-अपने खेतो में आने-जाने की रास्ता बंद हो जाएगा। ग्रामीणों को नेशनल हाईवे से लंबी दूरी तय कर अपने गांव पहुंचना पड़ेगा, वहीं खेतों में जाने के लिए भी परेशानी होगी। ऐसी गंभीर परिस्थितियों में ग्राम दनोरा के किसान खेती नहीं कर सकते और खेती नहीं करने से कई किसान बेरोजगार हो जाएंगे। ग्रामवासियों को भारी नुकसान होगा, जिसकी गणना किया जाना संभव नहीं है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए पुलिया निर्माण करने की कार्यवाही की जाए।




