साइबर अपराध रोकने साइबर सेल को और मजबूत करेंगे नवागत एसपी सक्सेना

नशे और अवैध कारोबार पर सख्ती, शहर में बढ़ाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे

बैतूल। जिले के नए पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना ने मंगलवार को पदभार संभालने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक की। इसमें जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और पुलिस शाखाओं के अधिकारी शामिल हुए। एसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने, नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा लंबित अपराधों का जल्द निराकरण करने को प्राथमिकता बताया।
सक्सेना ने कहा कि अपराध का तरीका बदल रहा है। पहले जेब कटती थी, अब ऑनलाइन लोगों के बैंक खातों से पैसे निकाले जा रहे हैं। साइबर फ्रॉड दुनिया भर में फैला अपराध है। उन्होंने बैतूल पुलिस की साइबर सेल के काम की सराहना करते हुए इसे और मजबूत करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि जागरूकता की कमी और कई बार लोगों का लालच साइबर ठगी की वजह बनता है। ठगी की रकम कुछ ही समय में कई बैंक खातों में पहुंचा दी जाती है। इससे बचाव के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
एसपी ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। जिले में गांजे की खेती से जुड़े मामलों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। जरूरत के अनुसार नई योजनाएं शुरू की जाएंगी और पुलिस मुख्यालय के अभियान भी जारी रहेंगे।
शहर की यातायात व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि इसका समाधान केवल पुलिस के स्तर पर संभव नहीं है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्या का हल निकाला जाएगा। शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और नए स्थानों पर कैमरे लगाने की योजना पर भी काम होगा। अच्छा काम करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button