कृषि विस्तार अधिकारियों की कलमबंद हड़ताल छठे दिन भी रही जारी
21 अगस्त को भोपाल में प्रदेशभर के अधिकारी करेंगे बड़ा धरना-प्रदर्शन

बैतूल। ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता, वेतन विसंगति और अतिरिक्त केंद्र भत्ते की मांग को लेकर कृषि विस्तार अधिकारियों का कलमबंद आंदोलन मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। जिले के सभी विकासखंडों में अधिकारियों ने कार्य बहिष्कार किया, जबकि जिला मुख्यालय पर उपसंचालक कृषि कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक धरना दिया। अब आंदोलन का अगला चरण 21 अगस्त को भोपाल में होगा, जहां प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी एकजुट होकर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगे।
मध्यप्रदेश कृषि विस्तार अधिकारी संघ जिला इकाई बैतूल के अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में अधिकारी आंदोलन कर रहे हैं। संघ का कहना है कि कृषि विस्तार अधिकारियों का अधिकांश कार्य खेतों और गांवों में किसानों के बीच होता है। इसके बावजूद मुख्यालय से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की अनिवार्यता मैदानी कार्यप्रणाली के अनुरूप नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क, कार्यालय, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी भी ई-अटेंडेंस में बाधा बन रही है।
अधिकारियों के अनुसार उन्हें कई केंद्रों और दर्जनों गांवों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है। कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ खाद-बीज वितरण, फसल संबंधी कार्य, खरीदी व्यवस्था, सर्वे सहित अन्य विभागीय दायित्व भी निभाने पड़ते हैं। कई बार किसानों की जरूरत के अनुसार सुबह से शाम तक फील्ड में रहना पड़ता है। ऐसे में मुख्यालय पहुंचकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना व्यावहारिक नहीं है। संघ ने महिला अधिकारियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया है।
– ग्रेड-पे और भत्ते में बढ़ोतरी की मांग
संघ की प्रमुख मांगों में कृषि विस्तार अधिकारियों का ग्रेड-पे 2400 रुपए से बढ़ाकर 2800 रुपए करना शामिल है। इसके अलावा अतिरिक्त केंद्र का प्रभार संभालने वाले अधिकारियों को मिलने वाले 500 रुपए प्रतिमाह भत्ते को बढ़ाकर 5000 रुपए करने की मांग की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त केंद्रों और गांवों की जिम्मेदारी के अनुपात में वर्तमान भत्ता बेहद कम है।
– 20 तक जिला स्तर पर आंदोलन, 21 को भोपाल कूच
संघ के अनुसार जिला स्तर पर कार्य बहिष्कार 20 अगस्त तक जारी रहेगा। इस दौरान अधिकारी ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं कराते हुए ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज करेंगे। 21 अगस्त को प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर भोपाल पहुंचेंगे और प्रांत स्तरीय धरना-प्रदर्शन करेंगे।
जिला अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि संगठन तकनीक का विरोध नहीं करता, लेकिन मैदानी कार्य की परिस्थितियों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था में संशोधन जरूरी है। मांगों का सकारात्मक निराकरण होने तक आंदोलन जारी रहेगा।




