शाहपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका यूनियन का सम्मेलन संपन्न, न्यायालय के आदेश के बाद भी लंबित भुगतान नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी

बैतूल। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका एकता यूनियन (सीटू) की शाहपुर परियोजना का सम्मेलन 1 अगस्त को शाहपुर स्थित विजय भवन में आयोजित हुआ। सम्मेलन में यूनियन की राज्य महासचिव किशोरी वर्मा मुख्य वक्ता रहीं। कार्यक्रम में सीटू के जिला अध्यक्ष कुंदन राजपाल मुख्य अतिथि, यूनियन की जिला उपाध्यक्ष आशा सूरजे तथा जिला महासचिव पुष्पा वाईकर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
सम्मेलन का उद्घाटन किशोरी वर्मा ने किया। उन्होंने संगठन की आवश्यकता और उसकी ताकत पर प्रकाश डालते हुए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से 10 अगस्त को प्रस्तावित आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही कर्मचारियों के अधिकारों की प्रभावी लड़ाई लड़ी जा सकती है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीटू के जिला अध्यक्ष कुंदन राजपाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार स्वयं को महिलाओं की हितैषी बताती है, जबकि प्रदेश की करीब एक लाख 96 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की वर्ष 2018 से लंबित मेहनताना राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारों की मांग को लेकर यूनियन को उच्च न्यायालय की शरण लेनी पड़ी, जहां न्यायालय ने सरकार को 6 प्रतिशत ब्याज सहित राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। इसके बावजूद सरकार ने राशि देने के बजाय न्यायालय में रिट दायर कर भुगतान करने में असमर्थता जताई। सम्मेलन में वक्ताओं ने लंबित मांगों के समाधान और अधिकारों की लड़ाई को लेकर संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।




