एसआईएफ बैतूल ने वृद्ध आश्रम में मनाया फादर्स डे।

पिता के त्याग और सम्मान को किया नमन। एक पेड़ पिता के नाम अभियान के तहत लगाया पौधा।

बैतूल। फादर्स डे के अवसर पर सेव इंडियन फैमिली (एसआईएफ) बैतूल ने अपने चौथे वार्षिक एक पेड़ पिता के नाम अभियान के तहत मातोश्री वृद्ध आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बुजुर्गों का सम्मान किया। आयोजन के माध्यम से जहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं पिता के त्याग, समर्पण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के सदस्यों ने अपने-अपने पिता के नाम पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ फादर्स डे मनाते हुए केक काटा गया, उनका सम्मान किया गया तथा सभी ने सामूहिक भोजन कर आत्मीयता का परिचय दिया। इस अवसर पर सदस्यों ने बुजुर्गों के जीवन अनुभवों को सुना और पिता की भूमिका, उनके संघर्ष, त्याग तथा पुरुष मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

एसआईएफ बैतूल के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. संदीप गोहे ने कहा कि पिता परिवार और समाज की मजबूत नींव होते हैं, जिनके त्याग और समर्पण से जीवन को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि अक्सर उनके योगदान को वह सम्मान नहीं मिल पाता जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। इसी सोच के साथ संस्था द्वारा एक पेड़ पिता के नाम अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन उन बुजुर्गों और पिताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रयास है जिन्हें समाज अक्सर अनदेखा कर देता है।

डॉ. गोहे ने बताया कि एसआईएफ बैतूल पुरुष मानसिक स्वास्थ्य, पुरुष सम्मान और पुरुष अधिकारों से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्य कर रहा है। पारिवारिक, सामाजिक या झूठे कानूनी मामलों से परेशान पुरुष संस्था की हेल्पलाइन 8882498498 पर संपर्क कर सकते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में चंद्रप्रकाश झारे, योगेश इंगले, गणेश घोघरे, अविनाश देशमुख एवं बाबू बछले का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button