बांसपानी स्कूल में 64 विद्यार्थियों को मिली निःशुल्क साइकिल, शिक्षा की राह हुई आसान।

बैतूल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांसपानी में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कक्षा नवमी के 48 तथा कक्षा छठवीं के 16 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति के सभापति हंसराज धुर्वे ने विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान करते हुए कहा कि इससे बच्चों के लिए विद्यालय तक पहुंचना आसान होगा और वे नियमित रूप से स्कूल आकर एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। अतिथियों का फूलमालाओं और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में हंसराज धुर्वे ने विद्यार्थियों से घर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोविड काल में ऑक्सीजन की कमी के दुष्परिणाम सभी ने देखे हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना आवश्यक है। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए वर्षा जल संचयन के लिए मकानों की छतों और खेतों की मेड़ों पर वाटर रिचार्ज संरचनाएं बनाने की सलाह दी। साथ ही बढ़ते पेट्रोल-डीजल संकट का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से अपने पालकों को मोटर बाइक के स्थान पर साइकिल उपयोग के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में प्राचार्य आरती परते, जनपद सदस्य माधोराव नानकर, मोहन जौंजारे एवं सचिव ओमप्रकाश तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्राचार्य आरती परते ने विद्यालय में सांस्कृतिक मंच एवं बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग रखी। वहीं शिक्षक पी.एल. पवार ने विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पालकों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पी.एल. पवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षक राजेंद्र खाकरे ने किया। इस अवसर पर सरपंच सोनू उइके, भीमराव बामने, जनपद सदस्य अर्जुन धुर्वे, नंदकिशोर नागले, शिक्षक संजय गुप्ता, राजकिशोर मसूरे, श्री इरपाचे, शिक्षिका श्रीमती गायकवाड़, श्रीमती रजनी सिंह, श्रीमती तीरकी, श्रीमती सोनारे, श्रीमती देशमुख, श्रीमती माली, श्रीमती पटेल, पालकगण, शिक्षा समिति की उपाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button