पेयजल संकट पर भाजपा शासित नगर पालिका पूरी तरह विफल: राजेश गावंडे।

बैतूल। कांग्रेस नेता राजेश गावंडे ने बयान जारी करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा शासित नगर पालिका परिषद अपनी प्रशासनिक विफलता और लापरवाही को छिपाने के लिए पेयजल संकट का ठीकरा बिजली कंपनी पर फोड़ने का प्रयास कर रही है। जबकि सामने आए तथ्य यह बताते हैं कि जल संकट का प्रमुख कारण नगर पालिका की खराब प्रबंधन व्यवस्था और समय पर रखरखाव नहीं करना है।

राजेश गावंडे ने कहा कि नगर पालिका द्वारा बिजली आपूर्ति और कम वोल्टेज को जल संकट का कारण बताया गया, लेकिन 10 जून को तैयार संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट में बिजली आपूर्ति पूरी तरह सामान्य पाई गई। रिपोर्ट के अनुसार निरीक्षण के दौरान वोल्टेज निर्धारित मानकों के अनुरूप था तथा किसी प्रकार की विद्युत खराबी नहीं मिली। इसके बावजूद नगर पालिका जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका के जल शाखा प्रभारी स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि इंटेकवेल की तीन मोटरों में से एक मोटर खराब है और उसकी मरम्मत कराई जा रही है। यदि मोटर पहले से खराब थी तो उसके रखरखाव और वैकल्पिक व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी थी? भाजपा शासित नगर पालिका को इसका जवाब देना चाहिए।

गावंडे ने आरोप लगाया कि शहर की पेयजल व्यवस्था जैसी महत्वपूर्ण सेवा को बिना पर्याप्त बैकअप व्यवस्था के संचालित किया जा रहा है। यही कारण है कि थोड़ी सी तकनीकी परेशानी आने पर पूरे शहर के नागरिकों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका अपनी कमियों को स्वीकार करने के बजाय दूसरे विभागों पर आरोप लगाकर जिम्मेदारी से बचना चाहती है।

उन्होंने कहा कि बैतूल की जनता नियमित कर और जलकर का भुगतान करती है, इसलिए उन्हें निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिलना उनका अधिकार है। नगर पालिका को आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर जलप्रदाय व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस नेता राजेश गावंडे ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा पेयजल संकट के वास्तविक कारणों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके और भविष्य में शहरवासियों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button