अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले बैतूल में घर-घर पहुंच रहा योग, 21 जून तक चलेगा विशेष प्रशिक्षण अभियान ।

बैतूल। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भारत भारती जामठी, बैतूल द्वारा आयुष मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली एवं संचालनालय आयुष विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों और गांवों में पहुंचकर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक योग अपनाकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।
महाविद्यालय के अध्यक्ष गणेश मालवीय, कोषाध्यक्ष संतोष पाल एवं प्राचार्य डॉ. विजय माने के मार्गदर्शन में तथा उपप्राचार्य डॉ. राजकुमार मिश्रा द्वारा तैयार की गई रूपरेखा के अनुसार योग प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार 11 जून को महाविद्यालय के डॉ. अजय तीतरे, इंटरनी साक्षी ओमकार एवं द्वितीय वर्ष के छात्र अजिंक्य द्वारा अग्निहोत्री कॉलोनी में योग प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं योग के स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी गई।
महाविद्यालय की टीम द्वारा जिला बैतूल के विभिन्न स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नियमित रूप से योगाभ्यास कराया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि यह विशेष निःशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर 21 जून 2026 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।




