युवा कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला ।
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर युवा किया उग्र प्रदर्शन । निर्वाचन आयोग अपनी संवैधानिक निष्पक्षता खो चुका: संजय सरदार यादव।

बैतूल। कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में सोमवार को जिला युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय सरदार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लल्ली चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार कर आग बुझाने और प्रदर्शन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपने विरोध पर डटे रहे।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय सरदार यादव ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जैसी वरिष्ठ और ईमानदार नेत्री का राज्यसभा नामांकन कथित रूप से तकनीकी आधारों पर निरस्त किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग अपनी संवैधानिक निष्पक्षता खो चुका है और भाजपा सरकार के दबाव में कार्य कर रहा है। उनका कहना था कि विपक्ष की आवाज को दबाने और राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को कमजोर करने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई की गई है।
युवा कांग्रेस नेताओं संजय सरदार यादव और प्रीतेश गंगारे ने संयुक्त रूप से कहा कि निर्वाचन आयोग अब स्वतंत्र संस्था की बजाय भाजपा के कठपुतली विभाग की तरह कार्य करता दिखाई दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष की बढ़ती राजनीतिक ताकत से घबराकर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।
युवा कांग्रेस संगठन प्रभारी लवलेश बब्बा राठौर और प्रदेश महासचिव जितेंद्र सिंह इवने ने भी निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि यदि दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय नहीं की गई तो युवा कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी। नेताओं ने चेतावनी दी कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवा कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और अन्याय के खिलाफ पीछे नहीं हटेगी।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस संगठन प्रभारी लवलेश बब्बा राठौर, हर्षवर्धन धोटे, मनोज आहूजा, राजू चौबे, अनूप जायसवाल, प्रदेश महासचिव जितेंद्र सिंह इवने, कमलेश यादव, राहुल परते, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष जैद खान, विधानसभा अध्यक्ष बैतूल प्रीतेश गंगारे, धर्मेंद्र भलावी, मनीष साहू, प्रदीप पंवार, सोनल धुर्वे, गगन गायकवाड़, राहुल चंदेलकर, संतोष हनोते, राहुल कास्दे, गोलू भूमरकर, निलेश धुर्वे, अमन खान, राजा जावेद खान, राजकुमार उइके, नोमेश इवने, नवनीत आर्य, पिंटू वरकड़े, शुभम दीवान, मुकेश यादव, शेख आकिब, बंटी करोसिया, मोनिका निरापुरे, पूजा अतुलकर, नंदिनी तिवारी, प्रेरणा शर्मा, पुष्पा मर्सकोले, राजा ठाकुर, अजय सिंह सोलंकी, विजय पारधी, अविनाश भलावी, भोला पुंडे सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




