ग्राम खारागोंदी में वन अधिकार कानून पर ग्राम सभा संपन्न।

बैतूल। एकता ग्रामीणजन सहयोग संस्था के तत्वावधान में घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुधावानी के ग्राम खारागोंदी में वन अधिकार कानून के प्रति जागरूकता और क्रियान्वयन को लेकर एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। संस्था वर्तमान में घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के 10 गांवों में वन अधिकार कानून के प्रति जागरूकता और उसके क्रियान्वयन पर कार्य कर रही है।
ग्राम सभा के दौरान प्रोजेक्ट मैनेजर एवं कोऑर्डिनेटर द्वारा वन अधिकार अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों को अत्यंत सरल भाषा में समझाया गया, जिससे ग्रामीणों ने कानून की बारीकियों को आसानी से समझा और अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की। इस अवसर पर श्याम बेलवंशी ने वन अधिकार कानून की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कानून मुख्य रूप से आदिवासी और पारंपरिक वन निवासियों को उनके जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाने के उद्देश्य से लागू किया गया है।




