गुरु साहब महाविद्यालय चिचोली में लू से बचाव पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

बैतूल। भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए गुरु साहब महाविद्यालय चिचोली में छात्र-छात्राओं के लिए लू से बचाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्राध्यापक जूलॉजी डॉ. सुखदेव डोंगरे ने विद्यार्थियों को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. सुखदेव डोंगरे ने बताया कि वर्तमान समय में अत्यधिक तापमान के कारण लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। इससे बचने के लिए विद्यार्थियों को कड़ी धूप में बाहर निकलने से बचना चाहिए तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। उन्होंने कहा कि हल्के एवं सफेद रंग के कपड़े पहनना, धूप में चश्मे का उपयोग करना तथा सिर को टोपी, गमछा या कपड़े से ढंककर रखना आवश्यक है। इसके अलावा अधिक तापमान में कठिन कार्य करने से बचना चाहिए और भोजन हमेशा समय पर एवं हल्का करना चाहिए। उन्होंने रसदार फलों एवं फलों के जूस के सेवन पर भी विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रोफेसर शंकर सतनकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा,
विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना भी आवश्यक है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में कुल 57 छात्राओं सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। उपस्थित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों में अश्विन सोनी, प्रोफेसर घनश्याम परमार, पंकज सोनी, अंकित चौरे सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।




