कंप्यूटर ज्ञान के बिना अधूरा है भविष्य, प्रशिक्षण शिविर में बोले एसडीओपी सुनील लाटा।

21वें वर्ष में पहुंचा सृष्टि कंप्यूटर संस्थान का निःशुल्क कंप्यूटर शिविर, एआई सहित आधुनिक कोर्स शामिल।

बैतूल। तेजी से बदलती तकनीक और डिजिटल दौर में युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में सृष्टि कंप्यूटर संस्थान ने 30 दिवसीय निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया है। संस्थान के 21वें वर्ष में आयोजित इस शिविर की शुरुआत सोमवार 18 मई से हुई, जिसमें विद्यार्थियों को कंप्यूटर के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी पुलिस बैतूल सुनील लाटा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला समय पूरी तरह कंप्यूटर और एआई आधारित है। यदि युवाओं के पास कंप्यूटर का ज्ञान नहीं होगा तो वे भविष्य की प्रतिस्पर्धा में पीछे रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई-नई तकनीकों को सीखना समय की आवश्यकता है और विद्यार्थियों को इस निःशुल्क अवसर का पूरा लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से मन लगाकर प्रशिक्षण लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी को निःशुल्क शिक्षक और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसलिए यह अवसर भविष्य निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का संचालन प्रशांत शुक्ला ने किया, जबकि रवीना सिसोदिया ने आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण का दायित्व उर्वशी धोटे निभा रही हैं। संस्थान के संचालक जितेन्द्र कुमार पेसवानी ने बताया कि पिछले 20 वर्षों में इस शिविर के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है, जो वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शिविर में एमएस विंडोज, एमएस वर्ड, एक्सेल, पावरपॉइंट, इंटरनेट और डिजिटल कम्युनिकेशन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस वर्ष पाठ्यक्रम में एआई को भी शामिल किया गया है ताकि विद्यार्थी आधुनिक तकनीक से परिचित हो सकें। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। गर्मी को देखते हुए कक्षाओं का संचालन वातानुकूलित कक्षों में किया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button