केवट जयंती पर मांझी समाज ने पारित किए संगठन सुदृढ़ीकरण और सामाजिक उत्थान के प्रस्ताव।

मत्स्य समितियों के अध्यक्षों सहित 90 से अधिक लोगों का हुआ सम्मान । धर्मांतरण रोकथाम, बहिष्कार और घर वापसी पर सर्वसम्मति से निर्णय। निषाद मंगल भवन में 17 पंखे दान देने की घोषणा ।

बैतूल। श्री निषाद राज मंगल भवन बैतूल में मांझी समाज द्वारा भगवान श्रीराम, सीतामाता एवं लक्ष्मणजी को गंगा पार कराने वाले श्री केवट महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा केवट महाराज के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन कर किया गया। रामायण मंडल धौल द्वारा श्रीरामचरित मानस के केवट संवाद प्रसंग का संगीतमय भक्ति पाठ प्रस्तुत किया गया।

अतिथियों के स्वागत के बाद जिले की लगभग 42 मत्स्य सहकारी समितियों के अध्यक्षों तथा 50 से अधिक समाज सेवियों का तिलक लगाकर, अंगवस्त्र, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर मांझी समाज जिलाध्यक्ष किशनलाल शेन्द्रे, माधो नानकर और मोहन मोरे ने केवट महाराज के जीवन चरित्र, समाज की समस्याओं और उनके निराकरण पर विचार रखे।

सभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर समाज के उत्थान के लिए गठित सात समितियों का दो माह में पुनर्गठन करने का निर्णय लिया गया। इनमें वैवाहिक परिचय सम्मेलन समिति, मातृशक्ति समिति, निषाद राज मंगल भवन निर्माण समिति, मत्स्योद्योग समिति, समस्या निवारण समिति, धर्मांतरण रोकथाम समिति, आर्थिक उन्नति एवं कुरीति निवारण समिति शामिल हैं।

कार्यक्रम में धर्मांतरण की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई कर रोक लगाने की मांग उठाई गई। पूर्व अध्यक्ष हीरालाल नानकर सहित वक्ताओं ने धर्मांतरण के मामलों में कानूनी कार्रवाई, सामाजिक बहिष्कार और घर वापसी का निर्णय लेने की बात कही।

दसों विकासखंडों के सैकड़ों ग्रामीणों की मौजूदगी में समाजसेवी फूदन माहोरे ने निषाद मंगल भवन के लिए 17 पंखे दान देने की घोषणा की, जिसका उपस्थितजनों ने तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ रामकिशोर कहार ने किया।

इस दौरान राजेश मनसोरिया, माधो नानकर, बाबा खड़िया, मोहन मोरे, राकेश मांझी, प्रभुदयाल सोनारिया, गुड्डू कहार, सुंदरलाल नानकर, धून्नीलाल माहोरे, छोटेलाल माहोरे, रामप्रसाद शेन्द्रे, रानू डायरे, हरिलाल सिरोटिया, नत्थू किरोदे, बब्बू नानकर, जयराम खड़िया, अंतु नानकर, निशांत मोरे, लवकेश मोरे, श्रीमती नीतू नानकर एवं कल्पना मांझी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन राजेश मनसोरिया ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button