विश्व होम्योपैथी दिवस पर जिलेभर में लगे निःशुल्क परामर्श शिविर।
686 मरीजों ने लिया उपचार का लाभ।

बैतूल। विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर 10 अप्रैल को आयुष विभाग द्वारा जिलेभर में निःशुल्क होम्योपैथिक परामर्श शिविरों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य होम्योपैथी चिकित्सा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और आमजन को इसका लाभ पहुंचाना रहा। यह आयोजन आयुष मंत्रालय के निर्देश तथा जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
विश्व होम्योपैथी दिवस डॉक्टर सैमुअल हनिमन की जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर के निर्देशन में जिले की सभी आयुष संस्थाओं में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित किए गए। प्रत्येक केंद्र पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शिविर का शुभारंभ किया गया।
शिविरों में वात रोग, सर्दी-जुकाम, गठिया, चर्म रोग, मधुमेह, बवासीर, रक्त संबंधी, पुरुष रोग एवं पेट संबंधी बीमारियों का निःशुल्क उपचार और परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज वर्मा एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ. प्रीति पाटनकर ने पूरे आयोजन का सफल संचालन और मार्गदर्शन किया।
इन शिविरों में कुल 686 मरीजों ने निःशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त किया, जिससे आयुष विभाग की पहल को व्यापक जनसमर्थन मिला।





