विश्व फोटोग्राफी दिवस पर बैतूल के फोटोग्राफरों ने वृद्ध आश्रम को दान किए 2100

बैतूल। कैमरे के लेंस से लोगों की खुशियां और यादें संजोने वाले बैतूल के फोटोग्राफरों ने विश्व फोटोग्राफी दिवस को सेवा और मानवता के संदेश के साथ मनाया। जिले के प्रमुख फोटोग्राफर ओपन स्टेडियम में एकत्रित हुए और सहयोग राशि एकत्र कर समाजसेवा का संकल्प लिया। एकत्रित राशि में से 2100 सेवा भारती द्वारा संचालित आनंद वृद्ध आश्रम, भारत भारती को भेंट किए गए।
आश्रम प्रबंधन के अनुसार इस राशि से बुधवार को वृद्धजनों के लिए प्रातःकालीन भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही फोटोग्राफरों ने आश्रम पहुंचकर वहां निवासरत बुजुर्गों के बीच फल और केले का वितरण किया। फोटोग्राफरों ने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और आशीर्वाद लिया।
सेवा कार्य में राजेश सूर्यवंशी, संजय मालवीय, अभिषेक सोनी, विकास, रानू हजारे, संतोष ओंकार, विक्की सुंदरम, पाठक जी, रघुनाथ डोंगरे, दिनकर चढ़ोकार, मोनू पाटणकर, भारत डोंगरे, हंसराज मालवीय, महेश कुमरती, राकेश अतुलकर, छोटू नयन लेब, कमलेश गलफट, कुलदीप डांगे, सागर पवार, विशाल साहू, अशोक ज्ञानचंदानी, कमलेश अमरुते और दिलीप पवार सहित अन्य फोटोग्राफर उपस्थित रहे।
फोटोग्राफर रानू हजारे ने कहा कि विश्व फोटोग्राफी दिवस का असली मकसद समाज के लिए कुछ करना है और वृद्धजनों की मुस्कान उनके लिए सबसे बड़ी तस्वीर है। संजय मालवीय, राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि वे हर रोज लोगों की खुशी कैमरे में कैद करते हैं, लेकिन आज वृद्ध आश्रम के चेहरों पर खुशी लाने की कोशिश की है। कार्यक्रम के अंत में सभी फोटोग्राफरों ने संकल्प लिया कि वे हर वर्ष विश्व फोटोग्राफी दिवस को इसी तरह सेवा कार्यों के साथ मनाएंगे।




