ग्रेच्युटी का भुगतान 4 महीने से लंबित, कर्मचारियों में आक्रोश।
लोक निर्माण विभाग कार्यालय में स्थाईकर्मी संघ ने सौंपा ज्ञापन।

एक सप्ताह में भुगतान का आश्वासन, नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी। रिश्वत मांगने के आरोप, संबंधित बाबू पर कार्रवाई की मांग।
बैतूल। लोक निर्माण विभाग के समस्त स्थाईकर्मी एवं दैनिक वेतनभोगी संघ छिंदवाड़ा द्वारा मंगलवार को ग्रेच्युटी भुगतान में हो रही देरी को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों ने बताया कि पिछले चार महीनों से मृत्यु सह उपादान (ग्रेच्युटी) की राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कई कर्मचारी तीन-चार वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन आज तक उन्हें उनका वैधानिक भुगतान नहीं मिला है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के इन कर्मचारियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
संघ के अध्यक्ष किशोर साहू ने बताया कि इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रीति पटेल से संपर्क किया गया, जिन्होंने एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र कर्मचारियों को अंतर राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद भी कर्मचारियों में संशय बना हुआ है।
संघ के अध्यक्ष किशोर साहू ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो संघ चरणबद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन और आंदोलन तेज करेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के एक संबंधित बाबू द्वारा कर्मचारियों से भुगतान के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है, जो गंभीर मामला है।
संघ ने ऐसे कर्मचारियों से अवैध रूप से राशि मांगने वाले संबंधित बाबू को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो इस मामले की शिकायत उच्च स्तर पर की जाएगी।
संघ के पदाधिकारियों ने आगे कहा कि यदि मध्य प्रदेश शासन एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।



