फांसी खदान जलाशय में चला जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छता टीम ने की सफाई।
जल स्रोतों की सफाई के लिए आगे आया नगर पालिका अमला।

बैतूल। नगरपालिका परिषद बैतूल की स्वच्छता टीम द्वारा मुख्यमंत्री द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर के विभिन्न जल स्रोतों की सफाई और संरक्षण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोती वार्ड स्थित फांसी खदान जलाशय में सफाई अभियान चलाकर जल स्रोत के आसपास स्वच्छता कार्य किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने बताया कि यह अभियान विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन नगर के अलग-अलग स्थानों पर स्थित जल स्रोतों और जलाशयों के आसपास सफाई की जा रही है तथा आम नागरिकों को जल संरक्षण और जल के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का उद्देश्य शहर के जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखना और जल संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। इस अभियान के दौरान समाजसेवी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर सहयोग दिया। नगरपालिका ने नगरवासियों से अपील की है कि सभी लोग अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।




