घोड़ाडोंगरी में आंबेडकर प्रतिमा के लिए भूमि की मांग, अजाक्स ने तहसीलदार और सीएमओ को सौंपा ज्ञापन।

अजाक्स ने मांगी प्रमुख चौराहे पर जमीन।

बैतूल। नगर परिषद घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने तहसीलदार घोड़ाडोंगरी और नगर परिषद के सीएमओ को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने नगर के किसी प्रमुख चौराहे या सार्वजनिक स्थान पर प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि आवंटित करने की मांग की है।

अजाक्स के जिला अध्यक्ष दशरथ धुर्वे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नगर परिषद घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में अब तक डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित नहीं है, जो क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःख का विषय है। संगठन का कहना है कि बाबा साहेब ने पूरे समाज के उत्थान और समानता के लिए कार्य किया, लेकिन नगर में उनके सम्मान में एक भी प्रतिमा नहीं होना चिंताजनक स्थिति है।

संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि नगर के किसी प्रमुख चौराहे या सार्वजनिक स्थल पर भूमि आवंटित की जाए, ताकि वहां डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की जा सके। इससे उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ उनके आदर्शों और विचारों का समाज में प्रचार-प्रसार भी किया जा सकेगा।

अजाक्स ने प्रशासन से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई है। संगठन का कहना है कि यदि मांगों पर उचित ध्यान नहीं दिया गया तो आगे आंदोलन की रणनीति भी बनाई जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button