Betul news: श्री सिद्ध हनुमान मंदिर से श्रद्धालुओं ने निकाली भव्य शोभायात्रा
आज होगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन, रात्रि में होगी भजन संध्या

बैतूल। नवनिर्मित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर बारस्कर कॉलोनी महावीर वार्ड से रविवार 25 फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के तहत गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभायात्रा में भक्ति गीतों की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। आयोजन से समूचे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा।

श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चलते माहौल भक्तिमय हो गया है। प्रतिदिन मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चलते धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए वापस मंदिर में संपन्न हुई। शोभा यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। झांकियों के साथ निकाली गई शोभायात्रा शहर वासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ पुरुष भी शामिल हुए।
— मां शीतला देवी जागरण ग्रुप देगा भजनों की प्रस्तुति —
आचार्य पं.संदीप उपाध्याय से मिली जानकारी के अनुसार आज 26 फरवरी को सुबह 11 बजे से शिवलिंग एवं शिव परिवार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। वहीं शाम 7 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। मां शीतला देवी जागरण ग्रुप के प्रख्यात भजन गायक सत्यम टोरिया एवं यशस्वी टोरिया द्वारा एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद महाशिवरात्रि के अवसर पर 8 मार्च को भंडारे का आयोजन होगा। मंदिर समिति ने बताया कि हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण हो गया है। मंदिर का स्वरूप अब भव्य और आकर्षक हो गया है। मंदिर में हनुमान जी की पहले से ही प्रतिमा स्थापित है। आज 26 फरवरी को विधि विधान से शिव परिवार की स्थापना की जाएगी।





