आयुष विभाग ने वन विद्यालय बैतूल में कराया योगाभ्यास।
21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी में लगातार आयोजन। विशेषज्ञों ने नियमित योग के लिए किया प्रेरित।

बैतूल। आयुष विभाग द्वारा 30 मार्च को वन विद्यालय बैतूल कालापाठा में योगाभ्यास का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आगामी 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के तहत निरंतर चलाए जा रहे योग सत्रों की कड़ी में आयोजित हुआ।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने बताया कि शासकीय आयुर्वेद जिला चिकित्सा टिकारी के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम में 98 कर्मचारियों ने भाग लिया। योग सत्र में जिला नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह शाक्य, ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. प्रहलाद नागले एवं योग प्रशिक्षक सागर सिवनकर ने सरल एवं सूक्ष्म योग क्रियाएं, सूर्य नमस्कार सहित आवश्यक योगाभ्यास करवाया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया गया। वन विद्यालय बैतूल के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास का लाभ लिया और इस आयोजन के लिए आयुष विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।




