सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया कृषि अनुसंधान केंद्र बैतूल बाजार का भ्रमण।

कक्षा पांचवीं के छात्रों ने देखे मौसम मापने के आधुनिक यंत्र।

बैतूल। विश्व मौसम विज्ञान दिवस के अवसर पर सतपुड़ा वैली पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कृषि अनुसंधान केंद्र बैतूल बाजार का शैक्षणिक भ्रमण किया, जहां उन्हें कृषि और मौसम विज्ञान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रायोगिक रूप से दी गईं। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने केंद्र में पहुंचकर मौसम और जलवायु को मापने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा और वैज्ञानिक संजय जैन से सीधे बातचीत कर जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान छात्रों को बताया गया कि मौसम का पता कैसे लगाया जाता है, कौन-कौन से यंत्र उपयोग में लिए जाते हैं और मौसम पूर्वानुमान किस आधार पर तैयार किया जाता है। वैज्ञानिक संजय जैन ने विद्यार्थियों को थर्मामीटर से तापमान मापने की प्रक्रिया, बैरोमीटर से वायुमंडलीय दबाव मापने, हाइग्रोमीटर से आर्द्रता जानने, एनिमोमीटर से हवा की गति मापने, रेन गेज से वर्षा की मात्रा दर्ज करने, पाइरोमीटर से सौर विकिरण मापने और डॉपलर रेडार के माध्यम से मौसम पूर्वानुमान और तूफान की चेतावनी देने की पूरी जानकारी विस्तार से दी।

स्कूल डायरेक्टर श्रीमती दीपाली निलय डागा ने बताया कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि और मौसम विज्ञान से जुड़ा प्रैक्टिकल ज्ञान देना था, ताकि बच्चे भविष्य में इन क्षेत्रों में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित हो सकें। वहीं स्कूल प्राचार्य डॉक्टर श्रीमती ऋतु बाजपाई ने बताया कि स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों के तहत विश्व मौसम विज्ञान दिवस और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को मौसम और जलवायु के महत्व को समझाया गया, पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया गया, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के बारे में बताया गया तथा मौसम पूर्वानुमान और चेतावनी प्रणाली की उपयोगिता से भी अवगत कराया गया। बच्चों ने कृषि अनुसंधान केंद्र में विभिन्न कृषि यंत्रों का भी अवलोकन किया और प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता को समझा।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों के ज्ञान के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी मिलता है, जो उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button