दानवाखेड़ा पहुंचे पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राहुल उइके, परिजनों को बंधाया ढांढस।

बैतूल। घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम दानवाखेड़ा में दूषित पानी से फैली बीमारी के चलते बच्चों की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। इसी बीच पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राहुल उइके गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मृत बच्चों के परिजनों से बात कर इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
राहुल उइके ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं और प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और बताया कि लंबे समय से दूषित पानी की शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन समय रहते समाधान नहीं किया गया।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गांव में तत्काल स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और प्रभावित लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




