शक्ति आराधना में डूबे श्रद्धालु, शहर में नवरात्रि की भक्ति चरम पर, शंकर नगर के श्री माता मंदिर में 98 ज्योतों के साथ विशेष पूजन।

17 माह से हनुमान जी के सामने जल रही अखंड ज्योत भी बनी आकर्षण का केंद्र, सुंदर सजावट से निखरा मंदिर परिसर।

बैतूल। चैत्र नवरात्रि शुरू होते ही शहर पूरी तरह मां दुर्गा की भक्ति में डूब गया है। मंदिरों में सुबह से लेकर रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और हर ओर धार्मिक वातावरण दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु अखंड ज्योत जलाकर मां दुर्गा के चरणों में अपनी मनोकामना की अर्जी लगा रहे हैं, वहीं मंदिरों में रोजाना महाआरती, विशेष पूजन और माता के श्रृंगार से भक्ति का माहौल और अधिक गहरा हो गया है।

नवरात्रि के पहले दिन पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजन कर ज्योत स्थापना करवाई गई, जिसके बाद से मंदिरों में लगातार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हर शाम महाआरती के समय विशेष भीड़ देखी जा रही है और पूरा माहौल जय माता दी के जयकारों से गूंज रहा है।

इसी क्रम में शहर के शंकर नगर स्थित श्री माता मंदिर में भी नवरात्रि का शुभारंभ बेहद उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया। यहां 98 अखंड ज्योतें प्रज्वलित की गईं, जिनमें 75 ज्योतें तेल की और 23 ज्योतें घी की जलाई गईं। पंडित जी ने श्रद्धालुओं की उपस्थिति में विधि-विधान से पूजन कर अखंड ज्योत की स्थापना करवाई। नवरात्रि के प्रथम दिवस का विशेष श्रृंगार जगमोहन खंडेलवाल परिवार की ओर से माता को भेंट किया गया, जबकि प्रतिदिन अलग-अलग जजमानों द्वारा पीठ पूजन कराया जा रहा है।

मंदिर में हनुमान जी के सामने विगत 17 महीनों से अखंड ज्योत निरंतर जल रही है, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूरे मंदिर परिसर को भी बेहद सुंदर तरीके से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। पहले दिन राजेश करोले परिवार की ओर से माता जी को 21 किलो प्रसादी का भोग लगाया गया और प्रतिदिन महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।

नवरात्रि के चलते पूरा शहर भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है। मंदिरों में उमड़ रही भीड़ और अखंड ज्योतों की रोशनी ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया है और श्रद्धालु मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button