सीएससी के माध्यम से गांव-गांव में मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, हजारों ग्रामीणों ने किया योगाभ्यास।

ग्रामीणों को दी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी । स्वास्थ्य और डिजिटल सशक्तिकरण का दिया संदेश।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के वीएलई द्वारा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित सीएससी केंद्रों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण नागरिकों, महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।

मुख्य कार्यक्रम सीएम राइज स्कूल भैंसदेही में आयोजित किया गया, जिसमें नायब तहसीलदार, विद्यालय के प्राचार्य, नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, सरपंचगण, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक श्री जयशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आत्मिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सीएससी वीएलई द्वारा ग्रामीणों को कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी एवं डिजिटल सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। आयुष्मान भारत योजना, बीमा सेवाएं, बैंकिंग सेवाएं, पेंशन योजनाएं, टेली-लॉ, ऑनलाइन शिक्षा, कौशल विकास, पैन कार्ड, आधार सेवाएं, डिजी पे, एजुकेशन प्रोजेक्ट तथा अन्य शासकीय सेवाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें डिजिटल सेवाओं का अधिकाधिक लाभ लेने और डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, स्वस्थ रहने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। जिला प्रबंधक सीएससी कमलेश रघुवंशी ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों के सीएससी केंद्रों पर योग दिवस कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि सीएससी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता, जनभागीदारी और डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button