स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग ने 183 मरीजों का किया निःशुल्क उपचार।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में आयुष सेवाओं का मिला लाभ।

बैतूल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए 183 रोगियों का निःशुल्क उपचार किया। जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में आधुनिक चिकित्सा पद्धति के साथ आयुष विभाग की टीम भी सक्रिय रूप से शामिल रही। शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विक्की नायक, मंडल अध्यक्ष नीतू गुप्ता एवं सीबीएमओ डॉ. रघुवंशी सहित जिला स्तरीय विशेषज्ञ टीम उपस्थित रही। जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं की सराहना की।
शिविर में आयुर्वेद के माध्यम से उच्च रक्तचाप, मधुमेह, रक्ताल्पता, उदर रोग सहित विभिन्न बीमारियों का उपचार किया गया तथा मरीजों को निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। आयुष विभाग की ओर से डॉ. विजय तंडिलकर नोडल अधिकारी, डॉ. अभयदेव ईवने सहायक नोडल अधिकारी, डॉ. ललिता धाकड़े सहित कुल 10 कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान योग प्रशिक्षक कुमारी परिषि पवार एवं योग सहायक कुमारी बिजली कुमरे ने योग गतिविधियों का संचालन कर लोगों को योगाभ्यास कराया। आयुष विभाग द्वारा आयोजित सेवाओं के माध्यम से कुल 183 रोगियों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिला।




