गरीब वर्ग के लिए परेशानी बन रही बैंकिंग व्यवस्था: गोलू सोनी।
बैंकों खातों पर लगाए जा रहे विभिन्न शुल्कों और नियमों को लेकर नाराजगी।

बैतूल। कांग्रेस सेवादल के ब्लॉक अध्यक्ष गोलू सोनी ने बैंकों द्वारा खातों पर लगाए जा रहे विभिन्न शुल्कों और नियमों को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि चाहे बैंक निजी हों या सरकारी, कई बार खातों में लेन-देन नहीं होने पर उपभोक्ताओं के खातों से बिना स्पष्ट कारण के राशि काट ली जाती है। बैंक मेंटेनेंस चार्ज या अन्य सर्विस चार्ज के नाम पर पैसे काट लेते हैं, जिससे आम खाताधारक को परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि गरीब व्यक्ति बड़ी मुश्किल से अपने खाते में पैसा जमा करता है और जरूरत के समय जब वह राशि निकालने जाता है, तो खाते में अपेक्षित रकम नहीं मिलती। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कई बार 5 हजार रुपये निकालने पर खाते में केवल एक हजार रुपये ही शेष मिलते हैं।
गोलू सोनी ने मांग की कि या तो सरकार ऐसे नियमों को खत्म करे या फिर ऐसे बैंकों पर सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी बैंकिंग व्यवस्था की आवश्यकता नहीं है, जो आम जनता, विशेषकर गरीब वर्ग के लिए परेशानी का कारण बने।




