आयुष विभाग के निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 385 ग्रामीणों को मिला लाभ।

बैतूल। मुलताई तहसील के ग्राम सर्रा स्थित मां कुलदेवी मंदिर में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ के दौरान आयुष विभाग द्वारा निःशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें 385 लाभार्थियों ने आयुष पद्धति का लाभ प्राप्त किया। यह आयोजन समस्त गढ़ेकर परिवार द्वारा किया गया था। जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर योगेश चौकीकर के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में नोडल अधिकारी डॉक्टर पल्लवी आकरे तथा सहायक नोडल अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र डडोरे, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉक्टर शिवदयाल कुमरे और डॉक्टर ललित चौधरी के मार्गदर्शन में आयुष विभाग के 13 कर्मचारियों ने सेवाएं देते हुए ग्रामीणों को परामर्श और उपचार प्रदान किया।

शिविर में आयुष पद्धति के अंतर्गत जीवनशैली, आहार, ध्यान और योग के महत्व पर भी जोर दिया गया। योग प्रशिक्षक मोहित दातिर और योग सहायक राज अदवारे ने रोगानुसार योग की उपयोगिता समझाते हुए योगाभ्यास भी कराया। शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामवासियों को स्वास्थ्य लाभ मिला और आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ी।





