मुक्त आकाश मंच पर गूंजेगी आवाज सितारों की:

जयवंती हक्सर महाविद्यालय बनेगा संगीत का केंद्र, शब्द संस्था का बड़ा आयोजन।

बैतूल। शहर में 21 फरवरी को होने जा रही आवाज सितारों की – दिलकश नग्मों का सफर संगीत संध्या को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जयवंती हक्सर महाविद्यालय के मुक्त आकाश मंच पर आयोजित यह संध्या स्व. विजय खण्डेलवाल की स्मृति को समर्पित रहेगी। सांगीतिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था शब्द द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को इस वर्ष विशेष रूप से भव्य और गरिमामय स्वरूप देने की तैयारी की गई है।

– स्मृति को समर्पित रहेगा पूरा आयोजन

कार्यक्रम संयोजक प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि स्वर्गीय विजय खण्डेलवाल जिले के विकास और सामाजिक सरोकारों से गहराई से जुड़े रहे। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सुरों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध होगा।

– मंच, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था पर विशेष फोकस

समिति सदस्य बाबी वालिया ने बताया कि मुक्त आकाश मंच को आकर्षक सज्जा से सजाया जा रहा है। प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाया जा रहा है ताकि प्रत्येक प्रस्तुति स्पष्ट और प्रभावी ढंग से श्रोताओं तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से सफल आयोजन करती आ रही है और इस बार भी गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

– संगीत प्रेमियों से उपस्थिति की अपील

समिति सदस्यअखलेश बारंगे एवं रवि धोटे ने बताया कि शहर के संगीत प्रेमियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह है। आवाज सितारों की के माध्यम से श्रोताओं को दिलकश नग्मों की संगीतमय यात्रा कराई जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय पर पहुंचकर आयोजन को सफल बनाएं और स्वर्गीय विजय खण्डेलवाल को सामूहिक श्रद्धांजलि दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button