लादी-सारणी सड़क आंदोलन में दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग, कांग्रेस ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

एक सप्ताह का अल्टीमेटम, नहीं मानी मांग तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

दर्ज प्रकरणों को बताया भेदभावपूर्ण, ग्रामीणों के समर्थन में उतरी कांग्रेस

बैतूल। लादी-सारणी सड़क की मांग को लेकर विगत दिनों हुए आंदोलन के दौरान दर्ज की गई एफआईआर को निरस्त करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक बैतूल को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण वापस लेने की मांग की। दर्ज मामलों को भेदभावपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण बताते हुए कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी भोपाल के प्रदेश प्रतिनिधि एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष आमला मनोज मालवे के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लादी-सारणी सड़क की मांग को लेकर ग्रामीण शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे थे, इसके बावजूद पुलिस द्वारा उन पर एफआईआर दर्ज की गई। इसी प्रकार ग्राम तिरमहू में ग्राम की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों पर भी मामला दर्ज किया गया, जिसे कांग्रेस ने अन्यायपूर्ण बताया।

ज्ञापन में मांग की गई है कि लादी-सारणी सड़क तथा आवरिया-सारणी सड़क निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और ग्राम तिरमहू के ग्रामीणों की मांगें शीघ्र पूरी की जाएं। कांग्रेस ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में सभी प्रकरण वापस नहीं लिए गए तो पार्टी उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के दौरान कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, लोकसभा प्रत्याशी रामू टेकाम, नवनीत मालवीय, जिला सेवादल अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, घोड़ाडोंगरी सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष नितिन महतो, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आमला विजेंद्र भावसार, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप कोकाटे, युवा कांग्रेस आमला ब्लॉक अध्यक्ष मनीष नागले, सुनील उइके, यश दवनडे, मनोज देशमुख, ब्लॉक उपाध्यक्ष रविंद्र मानकर, श्री माथनकर, कन्हैया सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button