राष्ट्र सेवा को निकलीं बेटियां, समाज ने धूमधाम से किया विदा

बैतूल। विनोबा नगर की दो बेटियों कुमारी प्रेरणा साहू एवं कुमारी आरती मालवीय के असम राइफल्स में चयन से हर्ष का माहौल है। गुरुवार को कुमारी प्रेरणा साहू को उनके निज निवास से स्टेशन गंज तक गाजे-बाजे के साथ रवाना किया गया। साहू समाज के सभी बंधुगण दोपहर 12 बजे शिव मंदिर, विनोबा नगर के पास एकत्रित हुए, जहां से सामाजिक बंधुओं ने उन्हें सम्मानपूर्वक रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया।
दोनों बेटियां अब राष्ट्र सेवा के पावन कर्तव्य का निर्वहन करेंगी। उनका प्रशिक्षण 15 फरवरी से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण के लिए वे 12 फरवरी को दोपहर 1:50 बजे पुरी–जोधपुर एसएफ एक्सप्रेस ट्रेन से रवाना हुईं। इस अवसर पर परिजन एवं साहू समाज नगर समिति के पदाधिकारी बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचे दोनों बेटियों से मिले और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद पिंटू महाले और पार्षद शिला महाले भी उपस्थित रहे। इंटरनेशनल स्कूल में भी दोनों बेटियों का सम्मान किया गया। अग्रसेन विद्यालय के संचालक अनिल राठौर ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। परिवार एवं समाज ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि प्रेरणा साहू और आरती मालवीय परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करें।




