पीएम सम्मान निधि के नाम पर कोरकू महिला की जमीन हड़पने का आरोप, संगठन ने खोला मोर्चा
आदिवासी कोरकू संघर्षशील समाज संगठन आठनेर ने कलेक्टर से की कड़ी कार्रवाई की मांग

जमीन वापस दिलाने और दोषियों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग
बैतूल। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का झांसा देकर कोरकू समाज की महिला तापी पति गन्नू बारस्कर की भूमि की रजिस्ट्री कराए जाने के मामले में अब आदिवासी कोरकू संघर्षशील समाज संगठन आठनेर खुलकर सामने आ गया है। संगठन के अध्यक्ष सुखदेव बेठे माकोड़े के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित कर पूरे प्रकरण में तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम गौला गोंदी पोस्ट चुनालोमा निवासी तापी पति गन्नू बारस्कर को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दिलाने का झांसा दिया गया। आरोप है कि लखाय पति भूतु दहीकर तथा राजू पिता भूतु दहीकर ने योजना का लाभ दिलाने के नाम पर धोखे से उसकी जमीन की रजिस्ट्री करवा ली।
संगठन ने इसे कोरकू समाज की महिला के साथ गंभीर अन्याय बताते हुए कहा है कि अनपढ़ महिला को योजना के नाम पर गुमराह कर उसकी भूमि हड़प ली गई। आदिवासी कोरकू संघर्षशील समाज संगठन आठनेर ने मांग की है कि लखाय पति भूतु दहीकर और राजू पिता भूतु दहीकर के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर तापी पति गन्नू बारस्कर को उसकी भूमि वापस दिलाई जाए।




