सेलगांव में पीएचई की नई पानी टंकी टेस्टिंग में फेल, लीकेज और गंदगी से ग्रामीण भड़के

बैतूल। ग्राम सेलगांव में पीएचडी विभाग द्वारा निर्मित नई पानी टंकी की टेस्टिंग के दौरान सामने आई खामियों ने ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया। टंकी की जांच में लीकेज पाया गया, वहीं टंकी के भीतर पक्षियों के मल की गंदगी भी देखी गई। यह स्थिति सामने आते ही गांव में असंतोष फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण टंकी स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस टंकी से गांव को पेयजल सप्लाई किया जाना है, यदि वह पहले ही टेस्टिंग में लीकेज और गंदगी से ग्रस्त है तो इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि दूषित और असुरक्षित पानी की सप्लाई किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने इंदौर की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि वे अपने गांव में वैसी स्थिति नहीं बनने देंगे, जहां लापरवाही के कारण लोगों की जान चली गई।

टंकी के पास खड़े होकर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराया और पीएचडी विभाग से तत्काल टंकी की मरम्मत, पूरी सफाई और दोबारा तकनीकी परीक्षण कराने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक टंकी पूरी तरह सुरक्षित और स्वच्छ घोषित नहीं की जाती, तब तक उससे पानी की सप्लाई शुरू नहीं की जानी चाहिए। गांव में इस मुद्दे को लेकर नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button