बड़केश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर सजा बाबा का दरबार, विशाल भंडारे में जुटे हजारों श्रद्धालु:

बैतूल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनाघाटी क्षेत्र के राजा भोज मार्ग स्थित बड़केश्वर धाम शिव मंदिर में पूरा दिन भक्तिमय माहौल रहा। यहां प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान शिव के विशेष पूजन-अर्चन के साथ विशाल भंडारा प्रसादी का सफल आयोजन किया गया।
समिति के अध्यक्ष देवा पवार ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में सुबह 9 बजे मंदिर में भोले बाबा का विशेष अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात विधि-विधान से हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। इन धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद, दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारा प्रसादी का शुभारंभ हुआ।

बड़केश्वर धाम समिति के संरक्षक और विरासत समिति के जिलाध्यक्ष राजू अनुराग पवार के अनुसार, समिति द्वारा विगत 14 वर्षों से निरंतर शिवभक्तों के लिए इस भोजन प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है, और यह वर्ष भी उसी कड़ी का हिस्सा था।
भंडारा प्रसादी का वितरण दोपहर से शुरू होकर देर शाम तक अनवरत जारी रहा। इस भव्य आयोजन में करीब आठ से दस हजार श्रद्धालुओं ने बड़केश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति से पूरा धाम शिवमय नजर आया।




