पंचायत सचिव से मारपीट पर भड़का संगठन, गिरफ्तारी नहीं होने पर की जाएगी हड़ताल

पंचायत सचिव संगठन ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं एसपी को सौंपा ज्ञापन

बैतूल। ग्राम पंचायत सचिव के साथ मारपीट की घटना को लेकर जिले के पंचायत सचिवों में भारी आक्रोश है। मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संगठन का कहना है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर में कामबंद, कलम बंद हड़ताल की जाएगी।

मध्यप्रदेश पंचायत सचिव संगठन के जिला अध्यक्ष लक्ष्मीचंद अमरूते के नेतृत्व में पंचायत सचिवों ने कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि ग्राम पंचायत झिरयाडोह धनियाजाम के ग्राम पंचायत सचिव संतोष शिवहरे के साथ 28 जनवरी को लोकल वेंडर रविकांत आर्य द्वारा ग्राम पंचायत में दिए गए मटेरियल के भुगतान को लेकर मारपीट की गई थी। इस घटना के संबंध में पीड़ित सचिव द्वारा उसी दिन थाना चिचोली में प्रकरण दर्ज कराया गया, लेकिन इसके बावजूद आज तक आरोपी रविकांत आर्य की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

संगठन ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं शासकीय कर्मचारियों के मनोबल को तोड़ने वाली हैं और इससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पंचायत सचिव संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन के लिए संगठन पूरी तरह मजबूर होगा।

इसके साथ ही संगठन ने अन्य मांगें भी प्रशासन के समक्ष रखी हैं। संगठन ने जनपद पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली साप्ताहिक बैठकों को मंगलवार जनसुनवाई दिवस को छोड़कर किसी अन्य दिन आयोजित करने का अनुरोध किया है। वहीं ग्राम पंचायत सचिवों को प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच नियमित रूप से वेतन भुगतान सुनिश्चित किए जाने की मांग भी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button