मां-बेटे ने परिजन की पुण्यतिथि पर आंगनवाड़ी के 60 बच्चों को वितरित की स्वेटर, नन्हें बच्चों को मिली ठंड से राहत, खिले चेहरे
स्व.अर्जुन बिसोने की स्मृति में पत्नी और पुत्र ने बढ़ाया मदद का हाथ

बैतूल। जनपद पंचायत चिचोली के ग्राम बोरी में स्व. अर्जुन बिसोने की दूसरी पुण्यतिथि पर एक प्रेरणादायक सामाजिक पहल देखने को मिली। उनकी पत्नी श्रीमती कारो बिसोने और पुत्र सर्वेश बिसोने ने गांव के आंगनवाड़ी केंद्र में पहुंचकर 60 बच्चों को स्वेटर वितरित किए। सर्द मौसम की शुरुआत में मिले इन स्वेटरों से बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
ग्राम बोरी में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्व अर्जुन बिसोने की स्मृति को सेवा के रूप में जीवित रखना था। परिजनों ने बताया कि अर्जुन बिसोने हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे, और उनकी इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए यह पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे तथा उन्होंने बिसोने परिवार के इस कदम की सराहना की।




