Big Accident : खेत से घर लौटते वक्त रास्ते में अनियंत्रित होकर पलट गया ट्रैक्टर, चार घायल

Accident News : बैतूल। जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवठान में मंगलवार को दोपहर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले चिचोली के अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीजादेही थाना क्षेत्र के ग्राम देवठान निवासी दीनू पिता सुखराम उम्र 24 वर्ष, संजय पिता श्याम सिंग उम्र 14 वर्ष, विशाल पिता नेमरुलाल उम्र 12 वर्ष और शिवचरण पिता तुलसीराम उम्र 16 वर्ष मंगलवार को खेत से ट्रैक्टर पर बैठकर घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के समीप ही सड़क पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
सभी के घायल हो जाने पर डायल-100 को सूचना दी गई। इस पर बीजादेही थाना क्षेत्र में तैनात डायल-100 वाहन मौके पर पहुंचा। डायल-112/100 स्टाफ आरक्षक मुकेश व्यालसे, पायलेट मनीष खंडारे ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों चिचोली के अस्पताल पहुंचाया। चिचोली में प्राथमिक उपचार करने के बाद सभी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।




