भारतीय मजदूर संघ का जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन 17 को
प्रदर्शन में नगर पालिका नगर परिषद कर्मचारी संघ आठनेर भी होगा शामिल

नगर परिषद कर्मचारी संत रविदास भवन में आयोजित की बैठक, बने आंदोलन की रणनीति
बैतूल। भारतीय मजदूर संघ द्वारा बैतूल में जिला मुख्यालय पर आगामी 17 नवंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन की तैयारी को लेकर आठनेर में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध नगर पालिका नगर परिषद कर्मचारी संघ आठनेर द्वारा कर्मचारियों की बैठक संत रविदास भवन में आयोजित की गई। इसमें अधिक से अधिक संख्या में कर्मचारियों को जिला मुख्यालय पर पहुंचने का आग्रह किया गया।
भारतीय मजदूर संघ जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड द्वारा दिए गए निर्देश अनुसार नगर परिषद के कर्मचारियों की विभिन्न समस्या के विषय में चर्चा कर जिला स्तर पर ज्ञापन देने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने हेतु अपील की गई। मजदूर संघ की प्रमुख मांगों में मुख्य रूप से दैनिक वेतन भोगी को नियमित करना, ई हाजिरी में तकनीकी समस्याओं का निराकरण करना, केंद्र सरकार के कर्मचारियों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवा राज्य सरकार भी लागू करें, दैनिक वेतन भोगियों को नियमित कर्मचारियों की तरह मृत्यु उपरांत उनके परिवार के आश्रित लोगों को अनुकंपा नियुक्ति दिए जाएं, प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच में निश्चित रूप से वेतन वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें, शारीरिक शिथिलता एवं अन्य बीमारियों के कारण कर्मचारियों के स्थान पर उनके आश्रित को नियुक्त करना, वर्ष 2000 के बाद के दैनिक वेतन भोगी को बंद करने के आदेश को शिथिल करना या वापस लेना समेत अन्य मांगे शामिल है। बैठक में नगर पालिका नगर परिषद कर्मचारी संघ अध्यक्ष राहुल वाडेकर द्वारा नगर परिषद के कर्मचारियों को अधिक से अधिक संख्या में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से भारतीय मजदूर संघ तहसील अध्यक्ष राजू साहू, भारतीय मजदूर संघ उपाध्यक्ष विनोद पिपरोले, राजेश राणे एवं नगर परिषद कर्मचारी संघ सचिव राजीक काजी, राजा झोड़, अमित बारस्कर, शेखर राठौर, दिनेश लहरपुरे, उमेश नायक, कोमल सोलंकी, रूपेंद्र झरबडे, त्रिशाल जगताप एवं नगर परिषद के अन्य सभी कर्मचारी उपस्थित थे।




