Celebration of Ganesh festival: मानव श्रृंखला से बनाई गणपति की अद्भुत आकृति

गणेश चतुर्थी पर भारत भारती के विद्यार्थियों की अनोखी प्रस्तुति

बैतूल। गणेश चतुर्थी पर जहां देशभर में गणेश उत्सव की धूम मची है, वहीं भारत भारती आवासीय सीबीएसई विद्यालय, बैतूल के विद्यार्थियों ने अनोखे अंदाज में भगवान गणेश की आराधना कर सबका ध्यान खींचा। विद्यालय परिसर में छात्रों ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाई, जिससे भगवान श्री गणेश की सुंदर आकृति उभर कर सामने आई।

गणेश उत्सव के शुभारंभ पर विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित यह सांकेतिक भक्ति उनकी एकता का प्रतीक रही। इस अवसर पर कला और आस्था का भी अद्भुत संगम दिखाई दिया। छात्रों ने विद्यालय परिसर में पूरे उत्साह के साथ गणेश चतुर्थी की शुरुआत की।

संस्था के प्राचार्य जितेंद्र परसाई ने बताया कि छात्रावास के विद्यार्थियों के लिए हर वर्ष परिसर में 10 दिन तक गणेश उत्सव आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर छात्र परिषद के भैया आयोजन की पूरी जिम्मेदारी निभाते हैं। पूरे विधि-विधान और पारंपरिक उत्साह के साथ गणेश जी की प्रतिमा विद्यालय परिसर में स्थापित की जाती है, जहां प्रतिदिन प्रातः और सायं पूजन तथा आरती होती है।

शाम के समय विद्यार्थियों के लिए बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होता है, जो उनके व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करता है।

मानव श्रृंखला के आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक भूपेंद्र गढ़वाल, निशांत कौरव, अजय सिंह, शुभम माकोड़े, दीपक, हेमंत सोनी, मुकेश दवांडे, लोकेश धुर्वे, रोहित त्यागी और अनंतराम की विशेष भूमिका रही। सभी शिक्षकों ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button