Video: बैतूल जिले में राजस्व संग्रहण का लक्ष्य अधूरा, प्रशासन सख्त
17 करोड़ के लक्ष्य में अब तक सिर्फ 4.15 करोड़ की वसूली

बैतूल। जिले में वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए निर्धारित 17 करोड़ रुपये के राजस्व संग्रहण लक्ष्य के मुकाबले अब तक मात्र 4.15 करोड़ रुपये की वसूली हुई है, जो कुल लक्ष्य का केवल 26.52 प्रतिशत है। यह जानकारी कार्यालय प्रमुख राजस्व आयुक्त मध्यप्रदेश, भोपाल के पत्र में दी गई है।
प्रमुख सचिव मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग द्वारा समीक्षा बैठक में बैतूल जिले की राजस्व वसूली पर विशेष चर्चा की गई। इसको लेकर तहसीलदारों और अनुविभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। तहसील अंतर्गत 1000 रुपये से अधिक वसूली योग्य राशि के बकायादारों की सूची जिला कार्यालय को भेजने को कहा गया है।
राजस्व आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए बकाया राशि, परिवर्तित भूमि से प्राप्त प्रब्याजि, नजूल भूमि से भू-भाटक और अर्थदंड की अधिरोपित राशियों की वसूली के हर संभव प्रयास किए जाएं। बैतूल जिले की राजस्व स्थिति को देखते हुए तहसीलदारों और राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे राजस्व संग्रहण कार्य को सर्वाधिक प्राथमिकता दें। जिला प्रशासन ने सभी तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों को विशेष रूप से निर्देशित किया है कि वसूली कार्य में तेजी लाते हुए 1000 रुपये से अधिक राशि के बकायादारों की सूची समय पर प्रस्तुत की जाए। यह निर्देश बैतूल, मुलताई, भैंसदेही, शाहपुर और आमला के अनुविभागीय अधिकारियों को भी भेजे गए हैं। संभागीय आयुक्त, नर्मदापुरम संभाग को भी इस संबंध में सूचना दी गई है।
– जनता के आश्वासनों से परेशान प्रशासन
वसूली की धीमी प्रगति ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।राजस्व निरीक्षक डायवर्सन बैतूल राहुल इवने ने बताया कि जनता अक्सर मार्च में टैक्स जमा करने का आश्वासन देती है, लेकिन निर्धारित समय पर इसे पूरा नहीं करती। इससे राजस्व संग्रहण लक्ष्य अधूरा रह जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका से चर्चा कर सहयोग का आग्रह किया है। इस संबंध में एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार प्रदीप कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार श्याम सिंह उईके, नायब तहसीलदार ऋचा कौरव, राजस्व निरीक्षक डायवर्सन बैतूल राहुल इवने, नायब तहसीलदार राजकुमार उईके, नायब तहसीलदार भीमराव पोटफोड़े एवं राजस्व निरीक्षक सर्व बैतूल, पटवारी सर्व बैतूल ने जनता से अपील की है कि टैक्स समय पर जमा कर सहयोग करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।




