Young Water Diplomat Program: बैतूल के कौस्तुभ परिहार बने यंग वॉटर डिप्लोमैट, आईएचई डेल्फ्ट ने किया चयन

बैतूल। बैतूल के होनहार छात्र कौस्तुभ परिहार का चयन विश्व प्रसिद्ध यंग वॉटर डिप्लोमैट प्रोग्राम के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम नीदरलैंड्स स्थित आईएचई डेल्फ्ट इंस्टीट्यूट फॉर वॉटर एजुकेशन द्वारा आयोजित किया जाता है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में विश्वभर से केवल 18 प्रतिभागियों का चयन हुआ है, जिनमें से भारत से केवल दो प्रतिनिधि हैं। कौस्तुभ परिहार उन दो भारतीयों में शामिल हैं, जिन्हें इस कार्यक्रम के लिए पूर्ण छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।  कौस्तुभ परिहार बैतूल निवासी प्रमोद परिहार के पुत्र हैं और वर्तमान में मुंबई स्थित नीदरलैंड्स के काउंसलेट जनरल के आर्थिक विभाग के अंतर्गत विदेश मंत्रालय में सीनियर एडवाइजर-इकोनॉमिक डिप्लोमेसी के रूप में कार्यरत हैं। कौस्तुभ परिहार के करीबी मित्र अंशुल शर्मा ने बताया कि कौस्तुभ ने इससे पहले भारत सरकार के साथ छह से अधिक वर्षों तक स्वच्छ भारत मिशन, सस्टेनेबल सिटीज प्रोजेक्ट और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता परियोजनाओं जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में योगदान दिया है। वे दिल्ली स्थित शहरी विकास मंत्रालय के थिंक टैंक नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स के साथ भी जुड़े रहे हैं।  यंग वॉटर डिप्लोमैट प्रोग्राम एक छह महीने का कोर्स है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना और वैश्विक जल संकट से निपटने के लिए समाधान विकसित करना है। इस कार्यक्रम के तहत कौस्तुभ जून 2025 में नीदरलैंड्स की यात्रा करेंगे। वहां उन्हें विश्वस्तरीय विशेषज्ञों के साथ काम करने और जल प्रबंधन में गहन अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। आईएचई डेल्फ्ट यूनेस्को श्रेणी 2 संस्थान है, टिकाऊ जल प्रबंधन समाधान विकसित करने के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यह संस्थान “वॉटर नॉलेज सिटी” डेल्फ्ट में स्थित है और यूनेस्को के तत्वावधान में संचालित होता है। अपनी इस उपलब्धि पर कौस्तुभ परिहार ने कहा, भारत और अपने गृहनगर बैतूल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर पाकर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह मेरे लिए एक अनूठा अवसर है, जिससे मैं वैश्विक जल और जलवायु कूटनीति में योगदान कर सकूंगा और विश्वभर से सर्वोत्तम तकनीकों और विचारों को सीख सकूंगा। यह कार्यक्रम जून 2025 में समाप्त होगा, जिसके बाद प्रतिभागी अपने क्षेत्रों में जल प्रबंधन के प्रभावी समाधान लागू करने के लिए महत्वपूर्ण अनुभव और ज्ञान के साथ लौटेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button