Premiere show of the film Jungle Satyagraha: आदिवासी मंगल भवन में आयोजित हुआ फिल्म जंगल सत्याग्रह का प्रीमियर शो, पूर्व मंत्री पांसे ने की तारीफ

बैतूल। आदिवासी मंगल भवन में 1930 के ऐतिहासिक सत्याग्रह पर आधारित फिल्म जंगल सत्याग्रह का प्रीमियर शो आयोजित किया गया। इस फिल्म ने बैतूल के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को जीवंत किया है। इसमें स्थानीय नायकों की गाथा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जो दर्शकों को प्रेरणा देने वाला है। इस विशेष मौके पर पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। फिल्म देखने के बाद उन्होंने बैतूल के इतिहास को जीवंत करने के लिए फिल्म की भरपूर प्रशंसा की।
श्री पांसे ने फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता डॉ. प्रदीप उइके को इस ऐतिहासिक प्रयास के लिए बधाई दी। उन्होंने फिल्म में ठाकुर मोहकम सिंह की भूमिका निभाने वाले लीड कलाकार शिवा बारस्कर सहित सभी कलाकारों की जमकर सराहना की। साथ ही श्री पांसे ने राज्य सरकार से मांग की कि फिल्म को प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें।
मेडिटेक के संचालक डॉ. राजा धुर्वे ने कहा कि गोंडवाना प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड मध्यप्रदेश ने 1930 की कहानी को जनता तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है।
जयस जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे ने फिल्म के किरदारों की तारीफ करते हुए कहा कि सरदार गंजनसिंग सिंह कोरकू और सरदार विष्णु सिंह गोंड के पात्रों को सौरभ प्रधान और राहुल प्रधान ने बेहद प्रभावी ढंग से निभाया है।
जयस प्रदेश संयोजक जामवंत कुमरे ने फिल्म में जर्मनी से आए कलाकार रूबेन और मुंबई के कलाकारों के योगदान की सराहना की। साथ ही, उन्होंने फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर रोहित घोक्षे, कार्यकारी निर्माता प्रवीण धुर्वे, डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी आदित्य संगारे, प्रोडक्शन मैनेजर प्रवीण धुर्वे, धीरेंद्र कुमरे, पप्पू धुर्वे और गणेश धुर्वे की भी प्रशंसा की। इस अवसर पर ईश्वर धुर्वे, राजकुमार काकोडिया, सियाराम धुर्वे, नितेश धुर्वे, जमना प्रसाद धुर्वे, संजय धुर्वे और दुर्गेश यादव उपस्थित रहे।




