Betul news: ग्राम पंचायत बिहरगांव में 9 लाख की लागत से होगा मोक्षधाम का सौंदर्यीकरण
जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने किया भूमि पूजन

बारिश और गर्मी में अब नहीं होगी परेशानी, मोक्षधाम में बनेगा प्रतीक्षालय
बैतूल। ग्राम पंचायत बिहरगांव में मोक्षधाम के सौंदर्यीकरण और प्रतीक्षालय निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। 9 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य का भूमि पूजन जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों की उपस्थिति में किया। इस परियोजना के लिए 15वें वित्त आयोग की निधि से राशि स्वीकृत करवाई गई है।
उर्मिला गव्हाड़े ने इस अवसर पर कहा कि ग्रामवासियों की लंबे समय से मांग थी कि मोक्षधाम में प्रतीक्षालय का निर्माण हो, ताकि अंतिम संस्कार के समय बारिश या गर्मी में लोगों को छांव और सुरक्षित स्थान मिल सके। अब इस प्रतीक्षालय के बनने से गांववासियों को इन परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने आगे बताया कि प्रतीक्षालय निर्माण के साथ-साथ मोक्षधाम का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा ताकि यह स्थान स्वच्छ और सुव्यवस्थित दिखे।
भूमि पूजन कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिहरगांव की सरपंच गुन्ता बाई सूर्यवंशी, ग्राम पंचायत हिवरखेड की उप सरपंच डॉ. मीना गव्हाड़े, उप सरपंच नारायण खाडे, और गांव के प्रमुख समाजसेवी व नागरिक उपस्थित रहे। इनमें समाजसेवी रमेश गव्हाड़े, पूर्व सरपंच भरत लिखितकर, रामदास बारपेटे, किसना लिखितकर, माखन चौरे, सितू हारोडे, भीमा खाडे, प्रवीण निम्बालकर, संजू सोनारे, नामदेव खाडे और ग्राम पंचायत सचिव व रोजगार सहायक शामिल थे।
जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए यह परियोजना स्वीकृत करवाई और आश्वासन दिया कि वे आगे भी ग्रामीण विकास से जुड़े अन्य कार्यों के लिए तत्पर रहेंगी। उन्होंने कहा कि मोक्षधाम जैसी जगहों पर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस मौके पर ग्रामवासियों ने जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े के प्रयासों की सराहना की और आभार प्रकट किया।




